देश की खबरें | मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने के मामले में भाजपा नेता और मौलवी से मुचलका भरवाया गया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

खेकड़ा थाने के पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पांच लाख रुपये मूल्य के एक मुचलके (बंधन) पर भाजपा नेता मनुपाल बंसल और मौलवी अली हसन के हस्ताक्षर करवाए गए।

उन्होंने घटना को लेकर कहीं पर किसी प्रकार के तनाव की बात से इनकार करते हुए दावा किया क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य हैं।

यह भी पढ़े | Republic TV के मुख्य संपादक अर्नब गोस्वामी को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, विशेषाधिकार हनन मामले में गिरफ्तारी रोकी- महाराष्ट्र विधानसभा के सचिव को भेजा नोटिस.

कुमार ने उन खबरों का भी खंडन किया है, जिसमें कहा गया है कि मस्जिद में हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र पढ़ने की इजाजत देने वाले मौलाना अली हसन को मुस्लिम समाज के लोगों की एक बैठक में लिए गए निर्णय के बाद मस्जिद से निकाल दिया गया है।

कुमार के मुताबिक मौलवी को निकालने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि वास्तव में मौलवी को कुछ दिनों के लिए घर भेजा गया है और वह वापस आ जाएंगे।

यह भी पढ़े | मप्र में नतीजों के बाद की रणनीति पर सियासी कदमताल.

उधर, भाजपा की जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं जनसंख्या फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनुपाल बंसल का कहना है कि मौलवी को मस्जिद से निकालना गलत है, क्योंकि मौलाना ने तो भाईचारे का संदेश दिया था।

बसंल का यह भी कहना है कि जनसंख्या फाउंडेशन या भाजपा का हनुमान चालीसा पाठ के प्रकरण से कोई ताल्लुक नहीं है, बल्कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला था।

उल्लेखनीय है कि खेकड़ा क्षेत्र के विनयपुर गांव में भाजपा नेता मनुपाल बंसल ने मंगलवार को मस्जिद में मौलाना से इजाजत लेने के बाद भाईचारे के लिए मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ किया था। मौलाना अली हसन ने कथित तौर पर इसकी इजाजत दी थी।

हनुमान चालीसा के पाठ को फेसबुक पर भी लाइव किया गया था। गायत्री मंत्र भी पढ़ा गया जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं मिल रही थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)