नयी दिल्ली, 20 जून आईआईएफएल सिक्योरिटीज का शेयर मंगलवार को 16.50 प्रतिशत से अधिक टूट गया। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने ब्रोकरेज कंपनी पर दो साल तक नए ग्राहक जोड़ने की रोक लगाई है। यह कदम कंपनी द्वारा ग्राहकों के कोष के दुरुपयोग को लेकर उठाया गया है।
बीएसई में कंपनी का शेयर 16.02 प्रतिशत के नुकसान से 59.75 प्रति शेयर पर आ गया। दिन में कारोबार के दौरान यह 18.48 प्रतिशत तक लुढ़क कर 58 रुपये पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर 16.57 प्रतिशत के नुकसान से 59.40 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 19.24 प्रतिशत तक टूटकर 57.50 रुपये पर आ गया था।
बीएसई पर कंपनी के 6.57 लाख और एनएसई पर 1.03 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ।
सेबी ने अप्रैल, 2011 से जनवरी, 2017 की अवधि के लिए आईआईएफएल के खातों का कई बार निरीक्षण करने के बाद यह आदेश जारी किया है।
अपनी जांच में सेबी ने पाया कि आईआईएफएल ने अप्रैल, 2011 से जून, 2014 तक अपने मालिकाना लेनदेन वाले शेयर कारोबार सौदों के निपटान के लिए ग्राहकों के बचे हुए कोष का इस्तेमाल किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY