देश की खबरें | आईएएस संघ ने पैरालंपिक रजत पदक विजेता नोएडा के जिलाधिकारी को सम्मानित किया

नयी दिल्ली, 25 सितंबर भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी और गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल यथिराज को शनिवार को केन्द्रीय आईएएस एसोसिएशन द्वारा तोक्यो पैरालिंपिक में बैडमिंटन में रजत पदक जीतने के लिए सम्मानित किया गया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस दौरान तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को भी इस आयोजन के दौरान सम्मानित किया गया।

सुहास पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पहले अधिकारी है। वह तोक्यो में फ्रांस के लुकास माजुर से पुरूष एकल के एसएल चार वर्ग के फाइनल में हार गये थे।

इस मौके पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक वीडियो संदेश में कहा कि सुहास एलवाई ने तोक्यो में रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने सभी सिविल सेवकों से आह्वान किया कि वे नागरिकों के सेवकमें अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

ठाकुर ने कहा, ‘‘ राष्ट्र को हमारे खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व है जिन्होंने तोक्यो 2020 पैरालंपिक खेलों में 19 पदक और तोक्यो ओलंपिक खेलों 2020 में सात पदक जीते।’’

इस कार्यक्रम में खेल एवं युवा राज्य मामलो के मंत्री खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)