जरुरी जानकारी | एचयूएल का तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 19.18 प्रतिशत बढ़कर 2,989 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 22 जनवरी रोजमर्रा के सामान बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 19.18 प्रतिशत बढ़कर 2,989 करोड़ रुपये रहा।

हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी का पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 2,508 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने कहा कि वह अपराइजिंग साइंस प्राइवेट लिमिटेड की 90.5 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी, जिसका उद्यम मूल्य 2,955 करोड़ रुपये है। अपराइजिंग साइंस प्राइवेट लिमिटेड प्रीमियम सौंदर्य ब्रांड मिनिमलिस्ट की मूल कंपनी है।

एचयूएल इस हिस्सेदारी के लिए 2,670 करोड़ रुपये की नकद राशि देगी।

एचयूएल ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने अपने आइसक्रीम कारोबार को अलग करके क्वालिटी वॉल्स (इंडिया) के अंतर्गत करने का फैसला किया है। जब यह विभाजन होगा, तो एचयूएल के हर एक शेयरधारक को क्वालिटी वॉल्स का एक नया शेयर मिलेगा।

अक्टूबर-दिसंबर, 2024 तिमाही में कंपनी की एकीकृत कुल आय 16,050 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 15,781 करोड़ रुपये थी।

दिसंबर तिमाही में कंपनी का कुल व्यय बढ़कर 12,576 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 12,305 करोड़ रुपये था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)