देश की खबरें | हिमाचल विश्वविद्यालय को पारिस्थितिकीय चुनौतियों से निपटने के लिए अनुसंधान पर जोर देना चाहिए: मुर्मू

शिमला, 19 अप्रैल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार पारिस्थितिकीय चुनौतियों से निपटने के लिए अनुसंधान एवं विकास पर जोर चाहिए।

मुर्मू ने यहां हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 26वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को अनुसंधान तथा नवाचार के माध्यम से किसानों को आधुनिक प्रौद्योगिकी मुहैया कराने में भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं महिलाओं की भागीदारी और प्रगति देखकर खुश हूं। हिमाचल प्रदेश में उच्च शिक्षा में 70 प्रतिशत विद्यार्थी लड़कियां हैं और आज स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या से भी यह बात प्रदर्शित हुई।’’

दीक्षांत समारोह में 111 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया और 99 छात्रों को पीएचडी की उपाधि दी गयी। राष्ट्रपति ने 10 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किये।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि भारत मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है और युवाओं के पास अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इसमें अहम भूमिका निभाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)