शिमला, 18 जून हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर राज्य में 10 जुलाई को देहरा विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव लड़ेंगी।
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को ठाकुर की उम्मीदवारी की घोषणा की।
कमलेश ठाकुर का नाम पार्टी द्वारा कराये गये एक सर्वेक्षण तथा स्थानीय नेताओं से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर तय किया गया। आगामी उपचुनाव में उनका मुकाबला दो बार के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह से होगा। होशियार सिंह भाजपा के टिकट पर यह उपचुनाव लड़ रहे हैं।
दो अप्रैल, 1970 को कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के नलसूहा गांव में जन्मीं कमलेश ठाकुर ने चंडीगढ़ के राजकीय महाविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एम.ए. किया है। उनके पास कम्प्यूटर एप्लीकेशन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी है।
देहरा विधानसभा क्षेत्र 2010 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया। अबतक कांग्रेस इस सीट से नहीं जीत पायी है। यहां से 2012 में भाजपा के रवींद्र सिंह रवि निर्वाचित हुए थे जबकि होशियार सिंह 2017 और 2022 में दो बार निर्दलीय चुने गये थे।
सोमवार को कांग्रेस ने पुष्पिंदर वर्मा को हमीरपुर तथा नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस की हिमाचल इकाई के पांच बार अध्यक्ष रहे हरदीप सिंह बाबा को नालागढ़ से प्रत्याशी घोषित किया था।
इन तीन विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव होगा। ये तीनों सीट तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई हैं। तीनों विधायकों ने 27 फरवरी को (राज्यसभा चुनाव में) कांग्रेस के छह बागियों के साथ भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान किया था और बाद में वे 23 मार्च को भाजपा में शामिल हो गये थे।
भाजपा पहले ही तीनों निर्दलीय विधायकों-- आशीष शर्मा को हमीरपुर सीट, होशियार सिंह को देहरा और के एल ठाकुर को नालागढ़ से उपचुनाव में उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY