देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश उपचुनाव : मंडी लोकसभा सीट पर अपराह्र दो बजे तक 33 प्रतिशत से अधिक मतदान

शिमला, 30 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान के पहले छह घंटे में 33 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ जबकि फतेहपुर, अर्की तथा जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के लिए 39.24 से 48.19 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सुहावने मौसम के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है।

अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे धीमी गति से शुरू हुआ था और यह अब धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि मतदान के शुरुआती छह घंटे में मंडी लोकसभा सीट पर 33.17 प्रतिशत जबकि फतेहपुर, अर्की तथा जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के लिए क्रमश: 39.32, 39.24 और 48.18 प्रतिशत मतदान हुआ।

मंडी में कुल 12,99,756 मतदाता, फतेहपुर में 87,222, अर्की में 92,609 और जुब्बल-कोटखाई में 70,965 मतदाता शाम छह बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के लिए 2,484 मतदान केन्द्र तथा 312 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इन चारों सीट पर उप चुनाव, मौजूदा सांसद और विधायकों के निधन के चलते कराए जा रहे हैं। इन सभी सीटों के लिए मतगणना दो नवंबर को की जाएगी। मंडी लोकसभा सीट के लिए छह उम्मीदवार और तीन विधानसभा सीटों के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जुब्बल-कोटखाई को छोड़कर सभी सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है। जुब्बल-कोटखाई में भाजपा के बागी उम्मीदवार चेतन सिंह बरागटा निर्दलीय के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि, सबकी निगाहें मंडी सीट के उपचुनाव पर हैं क्योंकि यह निर्वाचन क्षेत्र मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह क्षेत्र है।

भाजपा ने कारगिल युद्ध के नायक ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर को मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)