हमीरपुर, 15 सितंबर भोरंज इलाके में एक महिला के कथित रूप से बाल काटने और उसके चेहरे पर कालिख पोतकर गांव में घुमाने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर तीन मिनट की एक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद मामला प्रकाश में आया।
घटना 31 अगस्त की है जब भोरंज इलाके में महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके बाल काट दिये, उसके चेहरे पर कालिख पोती और उसे गांव में घुमाया।
पुलिस ने कहा कि घटना के एक वीडियो में कुछ लोगों को महिला के चेहरे पर कालिख पोतते हुए और उसे गांव में जबरन घुमाते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक वीडियो में किसी को महिला की मदद के लिए आगे आते नहीं देखा गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला से संपर्क किया और उसकी शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने घटना पर कड़ाई से संज्ञान लिया है और मामले की जांच कर रहे स्थानीय अधिकारी इस संबंध में अपनी रिपोर्ट जमा करेंगे।
घटना को भयावह करार देते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY