नयी दिल्ली, 29 अगस्त देश की अग्रणी दोपहिया वाहन कंपनी हीरो मोटोकॉर्प घरेलू बाजार में प्रीमियम बाइक खंड में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए नए मॉडल उतारने के साथ बिक्री नेटवर्क को भी दुरुस्त करने की योजना बना रही है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) निरंजन गुप्ता ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रीमियम बाइक खंड में कंपनी अगले एक साल तक हर तिमाही में एक नया उत्पाद लाने की कोशिश में है। कंपनी की इस खंड में हिस्सेदारी सिर्फ चार-पांच प्रतिशत है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘इस खंड में हमारी गतिविधि अभी शुरू हुई है। कंपनी बहुत तेजी से प्रीमियम उत्पादों का एक पूरा पोर्टफोलियो तैयार करना चाहती है और इस काम को अंजाम दिया जा रहा है।’’
इसी क्रम में हीरो मोटोकॉर्प ने अपने पुराने ब्रांड ‘करिज्मा’ को फिर से पेश किया है। इस ब्रांड की बाइक करिज्मा एक्सएमआर को 1.72 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उतारा गया है। यह 210सीसी इंजन से लैस है।
देश में 150सीसी से लेकर 450सीसी इंजन क्षमता वाली प्रीमियम बाइक का खंड सालाना 20-25 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है लेकिन सवारी मोटरसाइकिल खंड की दिग्गज हीरो मोटोकॉर्प इसमें पिछड़ी हुई है। कंपनी आने वाले समय में इस बाजार में पहुंच बनाना चाहती है।
इसके लिए हीरो मोटोकॉर्प की अगली आठ तिमाहियों में 800 बिक्री केंद्र खोलने की योजना है। गुप्ता ने कहा, ‘‘इनमें से अधिकांश स्टोर मौजूदा स्टोर के ही उन्नत संस्करण होंगे। इसके अलावा अगली चार तिमाहियों में विशिष्ट स्टोर भी खोले जाएंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY