देश की खबरें | हरियाणा सरकार 75 वर्ष से अधिक पुराने पेड़ों के संरक्षकों को सालाना 2,500 रुपये देगी

चंडीगढ़, 22 जून हरियाणा सरकार 75 वर्ष से अधिक पुराने पेड़ों के संरक्षकों को 2,500 रुपये की वार्षिक "पेंशन" प्रदान करेगी। एक मंत्री ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री कंवर पाल ने कहा कि 75 वर्ष से अधिक पुराने पेड़ों का अत्यधिक पारिस्थितिक महत्व है और ऐसे पेड़ों की सुरक्षा व रखरखाव करने वालों के बैंक खातों में "पेंशन" जमा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोगों के बीच पुराने पेड़ों की सुरक्षा और संरक्षण की भावना पैदा करने के लिए 'हरियाणा प्राण वायु देवता पेंशन योजना' शुरू की गई है।

मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे पेड़ों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

कंवर पाल ने कहा कि राज्य में लोगों के लिए वृद्धावस्था सम्मान पेंशन योजना में वृद्धि के अनुपात में हर साल इस पेंशन राशि में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना में केवल 75 वर्ष से अधिक उम्र के पेड़ ही शामिल होंगे, जबकि गिरे हुए, खोखले, मृत, सूखे और रोगग्रस्त पेड़ पात्र नहीं होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)