देश की खबरें | पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को विमान संबंधी जानकारी देने के आरोप में एचएएल कर्मी गिरफ्तार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, नौ अक्टूबर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) को लड़ाकू विमान संबंधी जानकारी मुहैया कराने के मामले में हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के एक कर्मी को गिरफ्तार किया गया है।

महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि व्यक्ति भारतीय लड़ाकू विमान और उसकी विनिर्माण इकाई संबंधी खुफिया जानकारी आईएसआई को दे रहा था।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: BSP फिर सोशल इंजीनियरिंग के सहारे, तेज हुई ब्राम्हणों को खींचने की मुहिम.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्य आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की नासिक इकाई को व्यक्ति के बारे में विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी। व्यक्ति आईएसआई के लगातार संपर्क में था।’’

उन्होंने बताया कि व्यक्ति भारतीय लड़ाकू विमान और उसकी संवेदनशील विस्तृत जानकारी संबंधी खुफिया सूचना के अलावा नासिक स्थित ओझर में एचएएल विमान विनिर्माण इकाई, वायुसेना अड्डे और विनिर्माण इकाई में प्रतिबंधित क्षेत्र संबंधी जानकारी दे रहा था।

यह भी पढ़े | MP By Poll Election 2020: शिवराज सिंह चौहान का कमलनाथ पर बड़ा हमला, कहा- फसल बीमा के प्रीमियम का 2200 करोड़ रुपए उन्होंने नहीं किया जमा, मैंने सीएम बनते किया भुगतान.

अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शासकीय गोपनीयता कानून के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके पास से पांच सिम कार्ड के साथ तीन मोबाइल फोन और दो मेमोरी कार्ड जब्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि फोन और सिम कार्ड को जांच के लिए फोरेंसिक साइंस प्रयोगशाला भेजा गया है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को अदालत के समक्ष पेश किया गया था और उसे 10 दिन के लिए एटीएस की हिरासत में भेजा गया है।

एचएएल का नासिक स्थित विमान प्रभाग के-13 मिसाइलों और मिग-21एफएल विमान के लाइसेंसी निर्माण के लिए 1964 में स्थापित किया गया था। यह नासिक से 24 किलोमीटर दूर ओझर में स्थित है।

इस प्रभाग ने मिग-21एम, मिग-21 बीआईएस, मिग-27 एम और अत्याधुनिक विमान सु-30 एमकेआई लड़ाकू विमान जैसे विमानों का भी निर्माण किया है। यह प्रभाग मिग श्रृंखला के विमानों और सु-30 एमकेआई विमान की मरम्मत का काम भी करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)