देश की खबरें | ट्रेडमिल में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद जिम एसोसिएशन ने परामर्श जारी किया

नयी दिल्ली, 20 जुलाई दिल्ली के एक जिम में एक ट्रेडमिल में उतरे करंट की चपेट में आने से बहुराष्ट्रीय कंपनी के 24 साल के एक प्रबंधक की मौत के बाद राजधानी के जिम मालिकों के संघ ने अपने सदस्यों को परामर्श जारी कर कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके फिटनेस केंद्र में कोई विद्युत तार न लटका हो।

दिल्ली जिम एसोसिएशन की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे ‘‘अपने जिम में अर्थिंग कनेक्शन की तुरंत जांच कराएं।’’

इसमें कहा गया है कि उन्हें यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि फिटनेस केंद्र के जिस क्षेत्र में लोग व्यायाम करते हैं, उसके आसपास कोई ढीला तार न लटका हो।

इसमें कहा गया है कि सभी विद्युत बिंदुओं की जांच बिजली संबंधी कार्य करने वाले लोगों से कराई जानी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अन्य आवश्यक उपाय किए जाने की जरूरत है।

संघ के उपाध्यक्ष चिराग सेठी ने दावा किया कि ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना ट्रेडमिल के विद्युत तारों में आई कुछ खराबी के कारण हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन सभी मालिकों को एक सलाह जारी की है, जिनके जिम हमारे एसोसिएशन का हिस्सा हैं, वे अपने जिम में विद्युत प्रणालियों की जांच करें और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सभी उपाय करें।’’

पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम में एक एमएनसी में बतौर प्रबंधक कार्यरत सक्षम पुर्थी की रोहिणी सेक्टर 15 में स्थित एक फिटनेस केंद्र के ट्रेडमिल में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)