गुरुग्राम (हरियाणा), 26 जून गुरुग्राम के सिविल लाइन्स इलाके में दो घरेलू सहायकों ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग महिला, उसके बेटे और दो अन्य नौकरों को नशीला पदार्थ पिलाकर सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना 22 जून की रात करीब नौ बजे की है जब अनिता और जगत ने शिकायकर्ता नवीन पाल सिंह यादव, उनकी मां और दो अन्य नौकरों को नशीला पदार्थ मिली चाय पिलाई।
शिकायत के मुताबिक चारों पर जब बेहोशी सी छाने लगी तो आरोपियों ने अलमारी खोली और गहनों एवं अन्य कीमती सामान की लूटपाट शुरू की। पुलिस के मुताबिक नौ बजकर करीब 40 मिनट पर यादव चाय पीने के बाद एक नौकर की तबीयत खराब होने पर ऊपरी मंजिल स्थित अपने कमरे में दवा लेने गए।
उसने शिकायत के हवाले से बताया कि यादव ने आरोपियों को अपने कमरे में पाया लेकिन चक्कर आने की वजह से उन्हें पकड़ नहीं पाए। यादव के मुताबिक पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई थी।
घटना के बाद यादव दो दिन तक बीमार रहे और रविवार को लूटपाट की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने बताया कि मूल रूप से नेपाल निवासी अनिता और जगत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-328 (जहर देकर क्षति पहुंचाने), 34 (समान मंशा) और 408 (लिपिक या नौकर द्वारा भरोसे को तोड़ना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हम मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY