जशपुर, दो जुलाई छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बदमाशों ने किराना व्यवसायी दंपती की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जशपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के आस्ता थाना क्षेत्र में बदमाशों ने किराना व्यवसायी शैलेंद्र सिंह (35) और उनकी पत्नी संगीता सिंह (32) की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शैलेन्द्र सिंह की आस्ता गांव में आस्ता-जशपुर मुख्य मार्ग पर किराने की दुकान है। बुधवार रात लगभग 9:30 बजे शैलेन्द्र दुकान बंद कर घर के पीछे बाड़ी में हाथ-पैर धो रहे थे तभी वहां पहले से छिपे बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि जब हमले की आवाज सुनकर शैलेंद्र की पत्नी संगीता वहां पहुंची तब हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। आवाज सुनकर जब पड़ोस के लोग वहां पहुंचे तब हमलावर वहां से भाग निकले।
यह भी पढ़े | Gold Price Today: COVID-19 महामारी के कारण सोने की कीमत आसमान पर, मुंबई में 50 हजार रुपये के पार.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसियों ने पति-पत्नी को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय जशपुर पहुंचाया, जहां दोनों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंच गया। घटना के दौरान शैलेंद्र के दो छोटे बच्चे घर पर ही मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा हमलावरों की खोज शुरू कर दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY