देश की खबरें | ननकाना साहिब में गुरु नानक जयंती मनाने के लिए सिख श्रद्धालुओं के जत्थे पाकिस्तान रवाना

अमृतसर, छह नवंबर ननकाना साहिब में आठ नवंबर को गुरु नानक जयंती समारोह में शामिल होने के लिए सिख श्रद्धालुओं के कई जत्थे रविवार को अटारी-वाघा सीमा से पाकिस्तान रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कुल 2,418 तीर्थयात्री पाकिस्तान गए हैं।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य मनजीत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव के ‘प्रकाश गुरुपर्व’ को मनाने के लिए दुनिया भर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं लेकिन उनके जन्मस्थान (ननकाना साहिब) में आयोजित समारोह का हिस्सा होना तीर्थयात्रियों के लिए बहुत सौभाग्य की बात है।

एसजीपीसी के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि तीर्थयात्री पाकिस्तान में अन्य ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों का भी दौरा करेंगे।उन्होंने कहा कि सात नवंबर को तीर्थयात्रियों का जत्था शेखुपुरा स्थित गुरुद्वारा सच्चा सौदा में मत्था टेकेगा।

उन्होंने कहा कि सिख श्रद्धालु आठ नवंबर को गुरुद्वारा ननकाना साहिब में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे जबकि तीर्थयात्री नौ नवंबर को हसन अब्दाल में गुरुद्वारा पंजा साहिब के लिए प्रस्थान करेंगे और 10 नवंबर को वहां रुकने के बाद 11 नवंबर को लाहौर के गुरुद्वारा डेरा साहिब पहुंचेंगे।

अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के कई अन्य गुरुद्वारों में मत्था टेकने के बाद जत्थे 15 नवंबर को वापस भारत लौटेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)