चंडीगढ़, 11 सितंबर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने शुक्रवार को कहा कि सरकार प्रवासी मजदूरों का डेटाबेस बनाने पर काम कर रही है जिससे कि उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
गंगवार यहां श्रम ब्यूरो भवन की नयी इमारत का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोई भी नीति बनाने के लिए सही डेटाबेस बेहद महत्वपूर्ण है।
गंगवार ने कहा, ‘‘हम हमेशा उनके (मजदूरों) बारे में अनुमानित आंकड़ों के हिसाब से बात करते हैं। लेकिन आज प्रवासी मजदूरों के बारे में एक ऐसा डेटाबेस बनाने की आवश्यकता है जिससे कि वे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अर्जित कर सकें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनका कौशल निरूपण करना होगा, हम इस बारे में चिंतित हैं, हम चाहते हैं कि उन्हें उनकी दक्षता के अनुसार काम मिले।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘हम इस दिशा में काम कर रहे हैं...हम ठोस डेटा तैयार करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
उन्होंने इस अवसर पर श्रम ब्यूरो के वर्षों के कार्य की सराहना की और कहा कि संगठन देश की प्रगति में अपना योगदान दे रहा है।
गंगवार ने कोविड-19 महामारी के दौरान मजदूरों की मदद करने के लिए विभिन्न राज्यों द्वारा उठाए गए प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर, पंजाब के स्वास्थ्य एवं श्रम मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने मजदूरों की मदद के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY