जरुरी जानकारी | सरकार ने एचपीसीएल के प्रमुख की नियुक्ति के लिए चुना खोज-सह-चयन समिति का रास्ता

नयी दिल्ली, 14 अगस्त सरकार ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) में शीर्ष पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

सरकार ने इस साल दूसरी बार सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी के प्रमुख की तलाश के लिए खोज-सह-चयन समिति का रास्ता अपनाया है। इस सप्ताह की शुरुआत में खोज-सह-चयन समिति ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) में शीर्ष पद के लिए संभावित उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया था और अपनी सिफारिश पेट्रोलियम मंत्रालय को भेजी थी।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (एमओपीएनजी) की वेबसाइट पर जारी विज्ञापन के अनुसार, उसने अग्रणी संस्थानों से स्नातकोत्तर प्रबंधन डिग्री रखने वाले तथा नेतृत्वकारी भूमिकाओं में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव रखने वाले इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और कॉस्ट अकाउंटेंट से 14 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इसमें कहा गया, ‘‘ चयन खोज-सह-चयन समिति के जरिये किया जाएगा।’’

सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने 14 जून को एचपीसीएल निदेशक मंडल के एक निदेशक तथा इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के प्रबंध निदेशक सहित आठ उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया, लेकिन सभी को खारिज कर दिया।

अब खोज-सह-चयन समिति का रास्ता अपनाया गया है।

एचपीसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पद एक सितंबर, 2024 को रिक्त हो जाएगा, जब वर्तमान सीएमडी पुष्प कुमार जोशी 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)