चेन्नई, 19 अप्रैल तमिलनाडु राज्य एक्सप्रेस परिवहन निगम (एसईटीसी) ने बुधवार को कहा कि एक दिव्यांग क्रिकेटर के साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार करने और उसे बस में सवार नहीं होने देने के मामले में बस परिचालक को निलंबित कर दिया गया है।
क्रिकेटर सचिन शिवा ने यहां कोयमबेडू से मदुरै तक जाने के लिए एसईटीसी की बस में सवार होने की कोशिश की तभी कंडक्टर (परिचालक) ने अचानक से उन्हें रोकते हुए कहा कि शौचालय सुविधा वाली बस यात्रा पास धारकों के लिए नहीं है। जब शिवा ने कहा कि वह उसे मिले सरकारी पास से बस में सफर कर सकता है तो दोनों में बहस शुरू हो गयी।
परिचालक के खराब बर्ताव का वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया जिसमें उसे कहते सुना जा सकता है, ‘‘मैं तेरा चेहरा कुचल दूंगा।’’
इसी वीडियो में शिवा को अपनी पहचान क्रिकेट कप्तान के रूप में बताते हुए और परिचालक के गाली बकने पर उससे सवाल पूछते सुना जा सकता है।
मामला बढ़ने पर एक पुलिसकर्मी को दोनों का बीच-बचाव करते देखा जा सकता है। शिवा को यह भी कहते सुना गया कि क्या परिचालक बस का मालिक है जो तय करेगा कि उस पर कौन चढ़ेगा, कौन नहीं।
बाद में शिवा ने एक वीडियो में दावा किया कि बिना शौचालय सुविधा वाली बस में मदुरै तक जाने में उन्हें परेशानी हुई। उन्होंने अपने गृहनगर पहुंचकर एसईटीसी अधिकारियों से शिकायत की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY