देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में गोपाल नाग चुने गए महापौर, राजकुमार बने उपमहापौर

धर्मशाला, 24 नवंबर हिमाचल प्रदेश में पार्षद गोपाल नाग और राजकुमार को शुक्रवार को निर्विरोध रूप से पालमपुर नगर निगम का क्रमश: महापौर और उपमहापौर चुना गया।

गोपाल नाग वार्ड नंबर छह से पार्षद हैं, जबकि राजकुमार वार्ड नंबर एक से हैं।

गोपाल नाग 2021 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। महापौर और उपमहापौर पद के लिए सिर्फ एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया था। चुनाव के दौरान सभी 15 वार्ड के पार्षद मौजूद रहे।

चुनाव के लिए अधिकृत अधिकारी कांगड़ा के अतिरिक्त उपायुक्त सौरव जस्सल ने नाग और राजकुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को महापौर के चुनाव में विधायकों को वोट देने की अनुमति देने के लिए कांग्रेस सरकार की आलोचना की और कहा कि यह कदम "लोकतंत्र की हत्या" है।

कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार गोपाल नाग और राजकुमार पालमपुर नगर निगम के क्रमशः महापौर और उपमहापौर चुने गए हैं। मंडी नगर निगम के लिए 25 नवंबर को चुनाव होने हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि सरकार ने महापौर और उपमहापौर के चुनाव में देरी की और बाद में अधिसूचना जारी की कि अपर जिलाधिकारी चुनाव कराएंगे।

राजीव बिंदल ने कहा कि अपर जिलाधिकारी ने 24 और 25 नवंबर को पालमपुर तथा मंडी के महापौर चुनाव तय किए हैं और विधायकों के पास मतदान का कोई अधिकार नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)