गोंडिया, चार अगस्त महाराष्ट्र के गोंडिया जिले में सरकारी अधिकारियों ने एक स्थानीय सहकारी समिति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है और उस पर किसानों से 3.25 करोड़ रुपये से अधिक की धान खरीद में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) विवेक इंगले ने कहा कि उन्होंने गोंडिया नगर पुलिस थाने में शहर के बाहरी इलाके चुटिया की ‘श्रीराम अभिवन सहकारी संस्था’ के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।
अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि इस साल जून और जुलाई के बीच इस सहकारी संस्था ने 425 किसानों से 3,25,58,400 रुपये मूल्य का 15,960 क्विंटल धान खरीदा लेकिन उसने खरीदा गया धान न तो सरकार के पास जमा कराया और न ही सरकारी पोर्टल पर उसका पंजीकरण कराया, फलस्वरूप जिला विपणन कार्यालय (डीएमओ) ने उन किसानों को भुगतान नहीं किया जिनसे यह खरीदा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘इन बातों के कारण किसान परेशान हैं तथा उन्हें खरीफ सीजन के लिए जरूरी धनराशि नहीं मिल पाई।’’
प्रति क्विंटल धान का मौजूदा न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,040 रुपये है।
सरकार गैर जनजातीय क्षेत्रों में विपणन फेडरेशन की अपनी नोडल एजेंसियों के माध्यम से तथा आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आदिवासी विकास निगम के जरिये किसानों से धान खरीदती है ।
अधिकारी ने कहा कि डीएमओ ने सहकारी समिति को नोटिस जारी कर उससे इन अनियमितताओं पर जवाब मांगा है लेकिन अबतक उसने जवाब नहीं दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY