जयपुर, 19 अक्टूबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर दिल्ली में मुलाकात करके बधाई दी। राज्य के कई राज्यसभा सदस्य भी दिल्ली में खरगे से मिले और उन्हें बधाई दी।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनावी मुकाबले में खरगे ने लोकसभा सदस्य शशि थरुर पर जीत दर्ज की है।
मुख्यमंत्री गहलोत गुजरात के चुनावी दौरे के बाद दिल्ली में थे। पार्टी अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में खरगे के विजयी घोषित होने के बाद गहलोत उनके आवास पर गए और बधाई दी। गहलोत ने इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा है, ‘‘मल्लिकार्जुन खरगे जी को कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर दिल्ली स्थित उनके निवास पर मिलकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।’’
इस अवसर पर कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी व मुकुल वासनिक भी मौजूद थे।
वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट ने भी खरगे को मिलकर जीत की बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व व मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं को एक नई दिशा मिलेगी। पायलट ने खरगे से मिलने के बाद ट्वीट किया, ‘‘श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व व मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं को एक नई दिशा मिलेगी तथा सभी कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित होकर कार्य करेंगे।’’
राज्य विधानसभा में सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक महेश जोशी भी दिल्ली में खरगे से मिले और उन्हें बधाई दी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने खरगे को बधाई देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है, ‘‘आपके कुशल नेतृत्व एवं लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ निश्चित रूप से संगठन को मिलेगा और कांग्रेस पार्टी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी ऐसी कामना है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY