देश की खबरें | जी20 मानवीय गरिमा व अधिकारसंपन्नता के प्रवर्तक के रूप में शिक्षा की भूमिका पर सहमत : प्रधान

पुणे, 22 जून केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि पांच प्रमुख क्षेत्रों पर जी 20 के सदस्य देशों के एक समान विचार हैं, जिनमें शिक्षकों के बीच क्षमता निर्माण, वैश्विक स्तर पर मानवीय गरिमा और सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण प्रवर्तक के रूप में शिक्षा की भूमिका, हरित और डिजिटल परिवर्तन की महत्वपूर्ण भूमिका को मान्यता देना शामिल है।

शिक्षा मंत्री प्रधान ने यहां जी20 शिक्षा मंत्रियों की बैठक के बाद पांच परिणामों की रूपरेखा पेश की। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "जी20 देश वैश्विक स्तर पर मानवीय गरिमा और अधिकारसंपन्नता के महत्वपूर्ण प्रवर्तक के रूप में शिक्षा की भूमिका पर सहमति जताई है। सदस्य देश शिक्षा के जरिए लचीले, समान, समावेशी और टिकाऊ भविष्य के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर सहमत हुए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘"जी20 देशों की सर्वसम्मत राय है कि शिक्षा न केवल अकादमिक सीख से संबंधित है, बल्कि वह शिक्षार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने की खातिर उनमें जीवन, तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल भी विकसित करती है। शिक्षा को बढ़ावा देने में शिक्षकों की भूमिका और क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित किए जाने को लेकर भी जी20 के सदस्यों के बीच सर्वसम्मति है।’’

उन्होंने कहा कि संगठन के सदस्य देश टिकाऊ विकास के लिए डिजिटल परिवर्तन, हरित बदलाव, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा की भूमिका को मान्यता देने पर भी सहमत हैं।

बैठक में, जी20 समूह के मंत्रियों ने औपचारिक रूप से परिणामी दस्तावेजों को स्वीकार किया, जो शिक्षा कार्यसमूह के अंदर पिछले कई महीनों में किए गए व्यापक विचार-विमर्श की परिणति को रेखांकित करता है।

ये परिणामी दस्तावेज सभी शिक्षार्थियों के लिए समावेशी और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा सुनिश्चित करने की खातिर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए रूपरेखा के तौर पर काम करेंगे।

जी20 शिक्षा कार्यसमूह ने चेन्नई, अमृतसर, भुवनेश्वर और पुणे में संपन्न अपनी चार बैठकों के दौरान, मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए समावेशी समाधान और सामूहिक कार्रवाई का पता लगाने पर गौर किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)