नोएडा, पांच जुलाई उत्तर प्रदेश के नोएडा के नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर 62 स्थित एक बैंक में फिक्स डिपॉजिट के लिए भेजे गए 200 करोड़ रुपए में से तीन करोड़ 90 लाख रुपया एक जालसाज ने धोखाधड़ी कर अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरीश चंदर ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण के वित्त एवं लेखा अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने थाना सेक्टर 58 में रिपोर्ट दर्ज कराई है । उनके अनुसार नोएडा प्राधिकरण के 200 करोड़ रूपया बैंक में एफडी के लिए थे।
उन्होंने बताया कि नोएडा प्राधिकरण की तरफ से बैंक आफ इंडिया को एफडी के लिये 200 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि इसी बीच अब्दुल खादर नामक व्यक्ति और बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने मिलीभगत करके नोएडा अथॉरिटी की तरफ से पत्राचार किया, तथा तीन अकाउंट खुलवाए और नोएडा अथॉरिटी के तरफ से फर्जी मेल करके उक्त तीन अकाउंट में बैंक से तीन करोड़ 90 लाख रुपए डलवा लिये।
डीसीपी ने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि ये लोग नौ करोड़ रुपया और उन खातों में डलवाना चाह रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने 200 करोड़ की फर्जी एफडी बनाकर नोएडा प्राधिकरण को भेज दी थी, लेकिन बैंक का कहना है कि उन्होंने अभी एफडी नहीं बनाई है।
डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में धारा 420, 467 ,468, 471, 120 -बी, तथा 409 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY