देश की खबरें | मध्य प्रदेश के एक घर में विस्फोट से चार लोगों की मौत

मुरैना (मप्र), 20 अक्टूबर मध्य प्रदेश में मुरैना जिले के बानमोर कस्बे में बृहस्पतिवार को एक घर में हुए विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घर को कथित तौर पर पटाखों के गोदाम के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। चंबल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजेश चावला ने बताया कि विस्फोट की घटना में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

बानमोर थाना प्रभारी बीरेश कुशवाहा ने बताया कि विस्फोट से दो मंजिला मकान पूरी तरह धराशायी हो गया। मकान व्यापारी निर्मल चंद जैन का था तथा वह नीचे किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि किराएदार जमील खान दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर रहते थे।

धमाका इतना जोरदार था कि पूरा दो मंजिला मकान ढह गया और लोग मलबे में दब गए। एक अधिकारी ने कहा कि मृतक व्यक्तियों की पहचान जमील खान की पत्नी अन्नो खान (35), उसकी बेटी जोया खान (08) और मेहमूद (18) तथा एक अन्य बालक विजय प्रजापति (07) के तौर पर हुई है।

उन्होंने कहा कि घटना में जमील खान बच गया, क्योंकि वह छत से नीचे कूद गया था। उन्होंन कहा कि घर में किरायेदार के तौर पर रह रहे जमील ने बिना किसी अनुमति के वहां बड़ी संख्या में पटाखे रखे थे, लेकिन सुबह करीब 11 बजे वहां विस्फोट हो गया जिससे मकान ढह गया और चार लोगों की मौत हो गई।

धमाका इतना जोरदार था कि इससे आसपास के दो मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। आईजी ने कहा कि बानमोर के स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। बाकी का इलाज बानमोर में ही चल रहा है।

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, मुरैना के पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)