कोहिमा, 31 मार्च नगालैंड के दो सीमावर्ती जिलों के ग्रामीणों के बीच हुई हिंसा में कम से कम चार लोग घायल हो गए हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पैटन ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और उन्होंने किफिरे और मेलुरी जिलों के लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
नगालैंड के गृह मंत्री पैटन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हाल ही में किफिरे और मेलुरी जिलों के कुछ गांवों में हिंसा की खबरें सुनकर बहुत व्यथित हूं। ऐसी घटनाएं न केवल शांति को बाधित करती हैं बल्कि हमारे समुदायों को एक साथ रखने वाले बंधनों को भी नुकसान पहुंचाती हैं।’’
उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि किस दिन झड़प हुई थी।
पैटन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्थिति अब नियंत्रण में है। मैं सभी पक्षों से शांति बनाए रखने और सौहार्द्र बहाल करने की दिशा में काम करने का आग्रह करता हूं। संघर्ष पर संवाद और समझ की जीत होनी चाहिए।’’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने किफिरे और मेलुरी जिला के उपायुक्तों को मामले की जांच करने और नगालैंड आयुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को एक रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है।’’
पैटन ने कोहिमा के नगा अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद संवाददाताओं को बताया कि इस हिंसा में तीन लोगों को मामूली चोट आई हैं लेकिन उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, हालांकि एक व्यक्ति को कोहिमा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है क्योंकि उसके सिर में चोट पहुंची है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह घटना हुई लेकिन भगवान की कृपा और चिकित्सक से मिली रिपोर्ट के अनुसार, घायल मरीज अब खतरे से बाहर है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY