देश की खबरें | वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो नाबालिगों सहित चार लोग पकड़े गए
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी क्षेत्र में वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दो नाबालिगों सहित चार लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

घटना के वायरल हुए वीडियो में मंगोलपुरी की सड़कों पर लोगों का एक समूह हाथों में लाठी-डंडे लेकर घूमता और वाहनों को नुकसान पहुंचाता नजर आ रहा है।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections 2020: पहले चरण की 71 सीटों पर मतदान समाप्त, शाम 5 बजे तक हुई 51.91 फीसदी वोटिंग, कई दिग्गजों की किस्मत EVM में कैद.

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार की रात में हुई।

इस संबंध में पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस सबकी शुरुआत तब हुई जब एक व्यक्ति ने क्षेत्र में एक दुकान पर पहुंची एक महिला के बारे में कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी की। इसपर महिला के साथ मौजूद उसके भाई ने आपत्ति जताई और उनमें विवाद हो गया।

यह भी पढ़े | Union Minister Smriti Irani Tests Positive For Covid-19: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का कोविड-19 टेस्ट आया पॉजिटिव.

अधिकारी ने बताया कि बाद में शाम के समय एक व्यक्ति अपने दोस्तों के साथ महिला के भाई की तलाश में उसके घर गया। जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला और क्षेत्र में महिला का भाई नहीं मिला तो इन लोगों ने सड़कों पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

उन्होंने कहा कि घटना में सात नाबालिगों सहित लगभग 14 लोग शामिल थे। इन लोगों ने चार-पांच मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचाया और छह-सात कारों के शीशे तोड़ दिए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (बाहरी) सुधांशु धामा ने कहा, ‘‘घटना के संबंध में महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर हमने मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है तथा दो नाबालिगों को भी पकड़ा है।’’

उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों को भी पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)