देश की खबरें | शाहजहांपुर में अलग-अलग हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत

शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), 14 जनवरी शाहजहांपुर जिले में शनिवार की शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम हरदोई निवासी राकेश (45) तथा उनका बेटा पिंटू (22) बाइक से निगोही से वापस लौटकर हरदोई जा रहे थे कि तभी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरेली मोड़ पर ओवर ब्रिज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

कुमार ने बताया कि दूसरी घटना जिले के थाना पुवायां में मोहम्मदी मार्ग पर धर्मागतपुर गांव के पास की है। उन्होंने कहा कि रितिका (10) सड़क के किनारे बकरी चरा रही थी कि तभी पुवायां की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। रितिका की मौके पर ही मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार आगे एक साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए फरार हो गयी। हादसे में साइकिल सवार की भी मौत हो गयी जिसकी शिनाख्त नहीं हो पायी है।

कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं में वाहनों का पता नहीं लग पाया है और पुलिस द्वारा वाहनों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)