देश की खबरें | योग दिवस के प्रमुख कार्यक्रम योग संगम के लिए अब तक चार लाख ने कराया पंजीकरण : आयुष मंत्रालय

नयी दिल्ली, 18 जून इस महीने की 21 तारीख को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रमुख आयोजन ‘योग संगम’ के लिए अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। आयुष मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि भारत में किसी भी एक आयोजन में इतने बड़े पैमाने पर सुनिश्चित भागीदारी कभी नहीं हुई है।

इसमें कहा गया है कि 21 जून को देश भर में लाखों स्थानों पर एक साथ योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा; जो भारत की आरोग्य यात्रा में एक ऐतिहासिक क्षण होगा।

मुख्य समारोह विशाखापत्तनम में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केन्द्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव के साथ पांच लाख से अधिक लोग एक साथ तय योग आसन करेंगे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सुबह 6:30 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित योग संगम अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक योग कार्यक्रम होगा, जिसमें लाखों संस्थान, संगठन और समुदाय के सदस्य एक साथ योग करेंगे।

राजस्थान, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और हिमाचल प्रदेश उन राज्यों में शामिल हैं, जहां सबसे अधिक संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराए हैं।

मंत्रालय ने कहा कि भागीदारी में यह वृद्धि इस वर्ष के विषय - ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ के प्रति व्यापक उत्साह को दर्शाती है। उसने कहा कि यह एक ऐसा संदेश है जो योग को वैश्विक स्थिरता और व्यक्तिगत कल्याण के साथ जोड़ता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)