विदेश की खबरें | श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और उनका परिवार दुबई के लिए रवाना
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो,26 दिसंबर श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे अपने परिवार के साथ सोमवार को दुबई रवाना हो गये। स्वदेश लौटने के करीब तीन महीने बाद उनकी यह पहली विदेश यात्रा है।

अर्थव्यवस्था का उनकी सरकार द्वारा किये गये कथित कुप्रबंधन के खिलाफ हुए प्रदर्शनों की वजह से राजपक्षे ने पद से इस्तीफा दे दिया था।

सूत्रों ने बताया कि राजपक्षे पत्नी इओमा, बहू सवेंदी, पुत्र मनोज और पोते-पोतियों सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार सुबह भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई के लिए रवाना हुए।

राजपक्षे (73) इस साल जुलाई में श्रीलंकाई वायुसेना के विमान से मालदीव चले गये थे। उन्हें वर्ष 1948 में ब्रिटेन से मिली आजादी के बाद सबसे बड़े आर्थिक और मानवीय संकट के बीच देश छोड़ना पड़ा था।

वह मालदीव से सिंगापुर गए थे,जहां से उन्होंने चार जुलाई को अपना इस्तीफा भेजा था। कई सप्ताह के बाद वह अस्थायी तौर पर शरण लेने के लिए थाईलैंड चले गए थे।

इस साल सितंबर में स्वदेश लौटने पर उन्हें विशेष सुरक्षा और सरकारी बंगला दिया गया। राजपक्षे पूर्व सैन्य अधिकारी हैं और नवंबर 2019 में देश के राष्ट्रपति बने थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)