नयी दिल्ली, 26 जून नयी और मूल सामग्री तैयार करने में सक्षम कृत्रिम मेधा, लचीली बैटरी, डिजाइनर फेज और टिकाऊ विमानन ईंधन को 2023 की शीर्ष 10 उभरती प्रौद्योगिकियों में शामिल किया गया है।
विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) ने सोमवार को यह सूची जारी करते हुए कहा कि इन प्रौद्योगिकियों का अगले 3-5 वर्षों में दुनिया पर सकारात्मक असर होगा।
डब्ल्यूईएफ ने कहा कि शीर्ष दस उभरती प्रौद्योगिकियों में पहनने योग्य प्लांट सेंसर, मानसिक स्वास्थ्य के लिए मेटावर्स, स्पेशल ओमिक्स, सस्टेनेबल कंप्यूटिंग और एआई-सुविधा वाली स्वास्थ्य सेवा भी शामिल हैं।
डब्ल्यूईएफ ने यह सूची फ्रंटियर्स के साथ मिलकर तैयार की है, जो एक वैज्ञानिक शोध पत्रिका है। इसमें ऐसी प्रौद्योगिकियों को शामिल किया गया है, जो आने वाले वर्षों में आम लोगों, धरती, यहां की समृद्धि और उद्योग को प्रभावित कर सकती हैं।
इस रिपोर्ट ने 2011 में अपने पहले संस्करण के बाद से ही ऐसी कम चर्चित प्रौद्योगिकियों की पहचान की है, जिनका बाद में पूरी दुनिया पर प्रभाव पड़ा।
जैसे 2016 की रिपोर्ट में जीनोमिक टीके को शामिल किया गया था, जो बाद में ज्यादातर कोविड-19 टीके की प्रमुख प्रौद्योगिकी बनी।
डब्ल्यूईएफ ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा कि परंपरागत बैटरियां जल्द ही अतीत की बात हो सकती हैं और उनकी जगह पतली, लचीली और हल्की बैटरियां ले सकती हैं।
रिपोर्ट में डिजाइनर फेज के बारे में कहा गया है कि 'फेज' ऐसे वायरस हैं जो विशिष्ट प्रकार के बैक्टीरिया को चुनिंदा रूप से संक्रमित करते हैं। इससे आनुवंशिक इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काफी लाभ होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY