अमरावती (आंध्र प्रदेश), 30 जून आंध्र प्रदेश के सत्य साई जिले में बृहस्पतिवार सुबह बिजली के ‘हाईटेंशन’ तार के एक ऑटो पर गिरने से उसमें भीषण आग गई और वाहन में सवार पांच महिला कृषि मजदूर जिंदा जल गईं और दो अन्य जख्मी हो गईं।
बताया जाता है कि पीड़िताएं आपस में रिश्तेदार हैं।
धर्मावरम के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रामकंठ ने फोन पर बताया कि आग लगने के बाद ऑटो चालक समेत छह व्यक्ति गाड़ी से बाहर कूद गए। उन्होंने बताया कि दो घायलों को धर्मावरम और अनंतपुरमू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रामकंठ ने कहा, “ एक किसान ने मजदूरों को अपने खेत में काम पर लगाया हुआ था। वे सात सीटों वाले ऑटो में पास के गांव की ओर जा रहे थे। तभी हाईटेंशन तार टूट कर ऑटो पर गिर गया और उसमें आग लग गई।”
इस घटना में पांच महिलाएं जिंदा जल गईं जिनकी उम्र 30-35 साल के बीच थी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गईं। डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्व भूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी एवं विपक्ष के नेता एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर दुख जताया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव एस विष्णुवर्धन रेड्डी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस प्रदेश प्रमुख एस शैलजानाथ ने भी घटना पर अफसोस जताया है।
आंध्र प्रदेश दक्षिणी बिजली वितरण कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हरनाध ने बताया कि एक गिलहरी बिजली के खंभे पर चढ़ गई जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और ‘हाईटेंशन’ तार टूट गया।
उन्होंने कहा कि तकनीकी समिति दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और सतर्कता समिति भी जांच करेगी।
उन्होंने कहा, “ हम मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये और घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि का ऐलान कर रहे हैं। ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए हम कदम उठाएंगे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY