देश की खबरें | किसी खिलाड़ी से नहीं डरती फिट हो चुकी मारिन

नयी दिल्ली, 16 जनवरी करियर को खतरे में डालने वाली दो बार घुटने की चोट किसी भी खिलाड़ी का हौसला तोड़ सकती है लेकिन ओलंपिक चैम्पियन कैरोलिना मारिन ने ‘दर्द को स्वीकार’ किया और हार मानने के बजाय संघर्ष करने का फैसला किया।

ओलंपिक, विश्व और यूरोपीय चैंपियन मारिन को जनवरी में 2019 इंडोनेशियाई मास्टर्स फाइनल के दौरान अपने दाहिने घुटने में एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) की चोट का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने 2020 में वापसी की और तोक्यो खेलों की तैयारी कर रही थी जब उन्हें एक और एसीएल का सामना करना पड़ा और जून 2021 में उनके बाएं घुटने में भी चोट लग गई जिससे उनका करियर खतरे में पड़ गया।

मारिन ने हालांकि खुद को प्रेरित रखा और आखिरकार पिछले साल वापसी की। तब से उन्हें मिश्रित परिणाम मिले हैं।

इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट की पूर्व संध्या पर मारिन ने चोटों से अपने संघर्ष पर बात की। उन्होंने कहा, ‘‘पिछला साल वास्तव में वास्तव में कठिन था। मैं चोट से वापसी कर रही थी। कोई सक्रिय बैडमिंटन खिलाड़ी दो गंभीर चोटों के बावजूद नहीं खेल रहा है लेकिन मैं हार नहीं मानना चाहती थी क्योंकि मेरे दिमाग में कुछ है। मैं ओलंपिक में एक और पदक जीतना चाहती हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह शारीरिक रूप के साथ साथ मानसिक रूप से भी कठिन था। जब आपको हर दिन दर्द के साथ अभ्यास करना होता है तो अंत में आपको इसे स्वीकार करना पड़ता है, अन्यथा यह आपके दिमाग को हताश करता है।’’

मारिन ने कहा, ‘‘लेकिन अब मैं खुद के साथ वास्तव में खुश और सहज महसूस करती हूं क्योंकि दिसंबर के आसपास से मुझे कोई दर्द नहीं हुआ। इसलिए आखिरकार मैं कुछ अच्छा अभ्यास करने और पूरे एक महीने के लिए तैयारी करने में सक्षम रही।’’

इंडिया ओपन में जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ मारिन अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

मारिन ने भारत की कई यात्राएं की हैं और उन्होंने कहा कि वह देश में खेलकर घर जैसा महसूस करती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ओलंपिक फाइनल के बाद जब मैं यहां आई तो हैरान थी क्योंकि सिंधू को हराने के बाद मुझे उम्मीद नहीं थी कि लोग मुझे प्यार करेंगे। यह ऐसा है जैसे मैंने इस देश से यह स्वर्ण पदक छीन लिया हो। मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं घर पर खेल रही हूं। भले ही दर्शक भारतीय हैं लेकिन वे मेरा समर्थन करते हैं। मैं यहां खेलने के लिए उत्सुक हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)