देश की खबरें | दिल्ली के बालक राम अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदी महिला कर्मचारी, मौत, निगम ने दिया जांच का आदेश

नयी दिल्ली, 16 जुलाई उत्तरी दिल्ली के तीमारपुर स्थित बालक राम अस्पताल की 53 वर्षीय एक महिला कर्मचारी ने बृहस्पतिवार को अस्पताल की तीसरी मंजिल से कथित रूप से कूद कर आत्महत्या कर ली।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर जय प्रकाश ने निकाय संचालित अस्पताल की कर्मचारी की मौत के मामले की जांच का आदेश दिया है।

यह भी पढ़े | पश्चिम बंगाल में एक और बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या पर भड़के कैलाश विजयवर्गीय.

पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान दिल्ली के ढाका गांव निवासी कौशल्या देवी के रूप में हुई है।

मेयर ने कहा, ‘‘हमें इस घटना से दुख है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमने भी मामले की विभागीय जांच का आदेश दिया है।’’

यह भी पढ़े | हिमाचल प्रदेश: कोरोना से मुक्ति और विश्व शांति के लिए सीएम जयराम सिंह ठाकुर ने मंत्र जाप और हवन किया : 16 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इसी अस्पताल में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर जय प्रकाश को दोपहर 12 बजे आइसोलेशन वार्ड का उद्घाटन करना था।

मेयर ने बताया, ‘‘घटना के कारण कार्यक्रम को टाल दिया गया। अगले सप्ताह इसकी कोशिश करेंगे।’’

मेयर का दावा है कि महिला जमीन पर पड़ी मिली, उसके चेहरे और शरीर पर चोट का कोई निशान नजर नहीं आ रहा था, यह अजीब बात है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी विभागीय जांच सभी पहलुओं पर विचार करेगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से भी खुलासा होगा।’’

पुलिस ने उनके दावे पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

मेयर ने कहा, ‘‘महिला को उसके पति के स्थान पर अनुकंपा पर अस्पताल में नौकरी दी गई थी। उसने करीब 10-12 साल पहले काम करना शुरू किया था। उनके परिवार में कुछ दिक्कत थी, वह अपने 20-22 साल के बेटे को साथ लेकर काम पर आती थी।’’

यह पूछने पर कि क्या सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गयी है, मेयर ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अरुणा आसफ अली अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया।

उनका कहना है कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह अवसाद ग्रस्त थी और उसने इमारत की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है।

महिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)