देश की खबरें | महाराष्टू में फर्जी शादी का गोरखधंधा पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

जालना, 19 जनवरी महाराष्ट्र के जालना में पुलिस ने दुल्हन दिलाने का वादा करके अन्य राज्यों खासकर गुजरात के अमीर दुल्हों को ठगने के एक गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है और तीन महिलाओं समेत पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस ठगी के शिकार हुए गुजरात के तीन व्यक्तियों ने अपने वास्ते दुल्हन ढूंढने के लिए जालना जिले में राहुल नामक ‘एजेंट’ से संपर्क किया था । आरोपी ने उनसे कथित रूप से कुछ हजार रूपये लिये थे।

पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी और उसके सहयोगी ने इन तीनों का तीन महिलाओं से परिचय करवाया और फिर वे आठ जनवरी को परिणय सूत्र में बंध गये।

उन्होंने बताया कि नव-विवाहित दंपति जब एक एसयूवी से गुजरात के लिए रवाना हुए जब महिलाएं शौच का बहाना बनाकर उतर गयीं।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस बीच एजेंट ने दुष्परिणाम की धमकी दी और गुजरात चले जाने को कहा।

अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जालना से तीन महिलाओं समेत पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 30000 रूपये एवं कुछ मोबाइल फोन बरामद किये।

इस संबंध में भादंसं की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)