इंफाल, आठ अगस्त मणिपुर सरकार का कहना है कि वह कथित ऑडियो क्लिप राज्य में शांति व्यवस्था भंग करने के मकसद से जारी किया गया है जिसमें मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह की आवाज होने का दावा किया गया है।
पुलिस ने एक समुदाय के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियों वाले इस कथित ऑडियो क्लिप के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
राज्य सरकार ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार के संज्ञान में आया है कि एक ‘ऑडियो रिकॉर्डिंग’ सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित की जा रही है जिसमें मणिपुर के मुख्यमंत्री की आवाज होने का झूठा दावा किया गया है।’’
एक बयान में कहा गया है ‘‘यह छेड़छाड़ किया गया ऑडियो कुछ वर्गों द्वारा सांप्रदायिक हिंसा भड़काने या विभिन्न स्तरों पर शुरू की गई शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास है।’’
पिछले वर्ष मई से मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच हुई हिंसा में 200 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘मणिपुर पुलिस मामले की सक्रियता से जांच कर रही है और दुष्प्रचार वाले इस अभियान के स्रोत को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
साथ ही बयान में कहा गया है कि इस ‘‘षड्यंत्र’’ में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसमें कहा गया है कि इस समय राज्य सरकार के लिए शांति बहाली अत्यंत महत्वपूर्ण है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY