मुंबई, 31 अगस्त कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने बृहस्पतिवार को व्यंग्य भरे लहजे में कहा कि उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस महाराष्ट्र के ‘सुपर सीएम’ हैं। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता (फडणवीस) के हाथों से होते हुए फाइलें मुख्यमंत्री के पास पहुंचाए जाने के सरकार के हालिया कदम पर टिप्पणी करते हुए यह बात कही।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार की ‘दादागिरी’ का संदर्भ देने के लिए सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायकों की भी आलोचना की।
पटोले मुख्य सचिव मनोज सौनिक द्वारा सभी विभागों को दिए गए निर्देश की पृष्ठभूमि में यह बात कर रहे थे। निर्देश में कहा गया है कि अजित पवार के बाद फाइलों को मंजूरी के लिए सीधे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भेजने से पहले उन्हें फडणवीस के पास भेजें।
अजित पवार ने पिछले महीने शरद पवार नीत राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) से नाता तोड़ लिया था और भाजपा-एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के साथ सरकार में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘हमने अजित पवार की दादागिरी देखी है। एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के विधायकों ने अजित पवार पर (अहंकारी होने का) आरोप लगाते हुए एमवीए सरकार गिरा दी थी और अब वह सरकार में शामिल हो गए ।’’
उद्धव ठाकरे नीत महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में अजित पवार वित्त मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे। उस सरकार में राकांपा, शिवसेना और कांग्रेस शामिल थी। हालांकि, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में पिछले साल जून में विधायकों की बगावत के बाद शिवसेना दो हिस्सों में बंट गयी और शिंदे भाजपा की मदद से मुख्यमंत्री बन गए।
अजित पवार और राकांपा के आठ अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पिछले महीने मंत्री पद की शपथ ली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY