देश की खबरें | एक्जिट पोल में सही रहा अनुमान, चार राज्यों में भाजपा और पंजाब में आप की शानदार जीत

नयी दिल्ली, 10 मार्च उत्तर प्रदेश में चुनाव परिणामों में भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिलने के संकेत और पंजाब में आम आदमी पार्टी के जबरदस्त जीत हासिल करने के साथ लगभग सभी एक्जिट पोल के पूर्वानुमान सही साबित हुए हैं।

हालांकि उत्तराखंड में चुनाव परिणामों को लेकर एक्जिट पोल का आकलन सही साबित नहीं हुआ, जहां 11 ऐसे सर्वेक्षणों में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर होने की बात कही गयी थी। लेकिन बृहस्पतिवार को आये परिणामों में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल करते हुए कांग्रेस को बहुत पीछे छोड़ दिया है।

एबीपी न्यूज-सी वोटर, ईटीजी रिसर्च, इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया, इंडिया टीवी-सीएनएक्स, जी न्यूज-डिजाइन बॉक्स, इंडिया न्यूज, न्यूज 24-टुडेज चाणक्य और रिपब्लिक पी-मार्क समेत लगभग सभी एक्जिट पोल में उत्तर प्रदेश में भाजपा को 240 से अधिक सीटें मिलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया था ।

एक्जिट पोल में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के औसत 142 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रहने की संभावना जताई गयी थी।

चुनाव परिणाम के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भाजपा इस समय 253 सीटों पर और सपा 114 सीटों पर आगे चल रही है।

पंजाब में आप की जीत का भी अधिकतर एग्जिट पोल में पूर्वानुमान व्यक्त किया गया था। सभी एक्जिट पोल में आप को पंजाब में औसत 63 सीटें मिलने की संभावना जताई गयी थी। हालांकि आप इससे आगे निकलती दिख रही है और वह 91 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है तथा 1 पर आगे चल रही है।

उत्तराखंड में अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर का आकलन किया गया था लेकिन यहां भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिलता दिख रहा है जिसे 70 सीटों में से 47 पर जीत मिलने की संभावना है।

गोवा में एक्जिट पोल में त्रिशंकु विधानसभा के आसार जताये गये थे। हालांकि आज के परिणामों में भाजपा 20 सीटों पर जीत के साथ सत्तासीन होने की तरफ बढ़ती दिख रही है जबकि कांग्रेस के खाते में 11 सीटें ही आ रही हैं।

मणिपुर में अधिकतर सर्वेक्षणों में भाजपा को औसत 30 सीटों पर जीत का अनुमान व्यक्त किया गया था और परिणामों में भी वह 25 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है तथा 7 पर वह आगे चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)