जरुरी जानकारी | एप्सिलॉन 1,200 करोड़ रुपये से बनाएगी दुनिया का पहला नॉड्यूल प्रसंस्करण संयंत्र

मुंबई, पांच अप्रैल कार्बन ब्लैक उत्पादक एप्सिलॉन कार्बन ने कैथोड क्षेत्र में कदम रखने की योजना के तहत 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से दुनिया का पहला पॉलिमेटेलिक नॉड्यूल संयंत्र स्थापित करने की घोषणा की है।

इस संयंत्र के लिए नॉड्यूल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एप्सिलॉन ने एक अमेरिकी कंपनी के साथ करार भी किया है।

एप्सिलॉन ने मंगलवार को नैस्डेक में सूचीबद्ध ‘द मेटल्स कंपनी’ (टीएमसी) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। लिथियम आयन बैटरियों के लिए कैथोड बनाने में कच्चे माल के तौर पर नॉड्यूल का इस्तेमाल होता है। गहरे समुद्र की तलहटी में कई धातुओं से भरपूर नॉड्यूल पाए जाते हैं।

एप्सिलॉन के प्रवर्तक एवं प्रबंध निदेशक विक्रम हांडा ने कहा कि इस करार के तहत टीएमसी 10 लाख टन नॉड्यूल की आपूर्ति करेगी। इससे प्रस्तावित संयंत्र में 30,000 टन कैथोड बनाए जाएंगे जो वर्ष 2025 तक 25 गीगावॉट की क्षमता पैदा कर सकते हैं।

करार की शर्तों के मुताबिक, दोनों ही कंपनियां गहरे समुद्र में पाए जाने वाले नॉड्यूल के प्रसंस्करण का वाणिज्यिक संयंत्र स्थापित करने की व्यवहार्यता का अध्ययन भी कराएंगी।

हांडा ने कहा कि दोनों कंपनियां 1,200 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश से दुनिया का पहला वाणिज्यिक पॉलिमेटेलिक नॉड्यूल प्रसंस्करण संयंत्र मिलकर स्थापित करेंगी। इसके लिए समूचा निवेश एप्सिलॉन कार्बन ही करेगी।

हांडा ने पीटीआई- से कहा कि प्रस्तावित संयंत्र को लेकर कई राज्यों के साथ बात चल रही है और जल्द ही संयंत्र की जगह के बारे में कोई फैसला होने की उम्मीद है। उन्होंने इस वित्त वर्ष के अंत तक संयंत्र का निर्माण शुरू होने और 2025 तक संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)