देश की खबरें | आगरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: दो गिरफ्तार, एक फरार

आगरा (उप्र), 15 अप्रैल शहर के एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार को बाइक सवार तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई जिसमें दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया और एक अन्य फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने एक तमंचा, तीन कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तड़के तीन बजे थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान को सूचना मिली कि रहनकलां गांव में काले रंग की बाइक पर तीन बदमाश हथियारों के साथ किसी घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाश बाइक लेकर वहां से भागने लगे, लेकिन कुबेरपुर के पास बदमाशों की बाइक फिसल गई।

उन्होंने बताया कि बदमाशों ने खुद को घिरते देखकर पुलिस पर गोली चला दी जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी जवाई कार्रवाई की और दो बदमाशों को पकड़ लिया लेकिन तीसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि पकड़े गए बदमाशों के नाम धर्मवीर उर्फ राजकुमार निवासी उधमपुर थाना मक्खनपुर और पवन निवासी नंगला दया थाना बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद हैं।

उन्होंने कहा कि बदमाशों के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस तथा चोरी की बाइक बरामद की गई है।

फरार बदमाश का नाम मेघराज है जो जोडिय़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिनाहट निवासी है।

बालियान ने कहा कि फरार हुए बदमाश की तलाश जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)