देश की खबरें | चिकित्सा उपकरणों में संक्रमण का खात्मा कर रहा इलेक्ट्रॉन बीम विकिरण

इंदौर (मध्यप्रदेश), 20 अक्टूबर इंदौर के राजा रमन्ना प्रगत प्रौद्योगिकी केंद्र (आरआरसीएटी) ने इलेक्ट्रॉन बीम विकिरण तकनीक से चिकित्सा उपकरणों को संक्रमणमुक्त करने की इकाई शुरू की है। केंद्र सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के प्रमुख अनुसंधान और विकास संस्थान द्वारा इसे देश में अपनी तरह की पहली इकाई बताया जा रहा है।

आरआरसीएटी के निदेशक डॉ. एसवी नाखे ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि संस्थान द्वारा पूर्णतः स्वदेशी तकनीक से विकसित इकाई में अलग-अलग चिकित्सा उपकरणों को इस्तेमाल से पहले संक्रमणमुक्त किया जा रहा है।

उन्होंने बताया,"चिकित्सा उपकरणों को पारंपरिक रूप से गामा विकिरण के जरिये भी संक्रमणमुक्त किया जाता है। हालांकि, हमारी इकाई देश भर में अपनी तरह की पहली इकाई है जो इलेक्ट्रॉन बीम विकिरण की मदद से इन उपकरणों को संक्रमणमुक्त कर रही है।"

नाखे ने बताया कि इस इकाई में इलेक्ट्रॉन बीम विकिरण से चिकित्सा उपकरणों के प्रत्येक बक्से को केवल 30 मिनट के भीतर संक्रमणमुक्त किया जा सकता है और खास बात यह है कि इस काम के लिए बक्से को खोलने की जरूरत तक नहीं पड़ती।

उन्होंने यह भी बताया कि इंदौर की इलेक्ट्रॉन बीम विकिरण इकाई के इस्तेमाल के लिए अग्रणी चिकित्सा प्रौद्योगिकी कंपनी बीडी इंडिया ने आरआरसीएटी से हाथ मिलाया है।

नाखे ने बताया कि इस गठजोड़ के तहत कंपनी के चिकित्सा उपकरणों को संक्रमणमुक्त किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)