देश की खबरें | जम्मू में कड़ी सुरक्षा के बीच ईद मनाई गई

जम्मू, 31 मार्च जम्मू में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद-उल-फित्र का त्योहार धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया और बड़ी संख्या में लोग शांति की दुआ मांगने के लिए विभिन्न ईदगाहों पर एकत्र हुए।

ईद के चांद के दीदार के बाद रविवार को रमज़ान का पवित्र महीना खत्म हो गया। इस्लामी कलेंडर के मुताबिक, एक महीने में 29 या 30 दिन होते हैं जो चांद दिखने पर निर्भर करता है। रमज़ान के महीने में रोज़ेदार सुबह सूरज निकलने से लेकर सूरज डूबने तक कुछ नहीं खाते पीते हैं। यह महीना ईद का चांद नजर आने के साथ खत्म होता है।

ईद की पूर्व संध्या पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को त्योहार की मुबारकबाद दी।

जम्मू के रेजीडेंसी रोड स्थित ईदगाह में सोमवार को सबसे बड़ी नमाज अदा की गई। इसके बाद मक्का मस्जिद और जामा मस्जिद खटिकन तालाब में सैकड़ों मुसलमानों ने सुबह ईद की नमाज अदा की।

मुफ्तियों और धर्म के जानकारों ने ईद का महत्व बताया तथा परम्परागत बलिदान के पीछे के कारण को भी समझाया।

जम्मू स्थित जामा मस्जिद के मुफ्ती अनायत तुल्ला ने कहा, ‘‘मैं खुशियों के त्योहार ईद की सभी को मुबारकबाद देना चाहता हूं। जम्मू में एक परंपरा है, जहां लोग धार्मिक कार्यों के दौरान एक साथ आ जाते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)