कोलकाता, 17 दिसंबर कीनिया के डेनियल सिमियू एबेन्यो और इथियोपिया की सुटुमे असेफा केबेडे ने रविवार को यहां टाटा स्टील कोलकाता 25के (25 किमी) में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में नया मीट रिकॉर्ड बनाते हुए खिताब अपने नाम किये।
इबेन्यो ने एक घंटे 11 मिनट और 13 सेकेंड का समय निकालकर साथी कीनियाई एथलीट लियोनार्ड बारसोटोन्स के एक घंटे 12 मिनट 49 सेकेंड के रिकॉर्ड में सुधार किया।
कीनिया के विक्टर किप्रुतो टोगोम 1:12:26 के समय से दूसरे और इथियोपिया के डेमेके 1:13:36 के समय से तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं महिलाओं के वर्ग में इथियोपिया की यालेमजर्फ येहुआलॉ खिताब जीतने की प्रबल दावेदार थीं लेकिन केबेडे 1:18:47 के समय से पहला स्थान हासिल करने में सफल रहीं।
येहुआलॉ ने 1:19:26 के समय से दूसरा और कीनिया की बेटी चेपकेमोई किबेत ने 1:21:43 के समय से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
भारतीयों में सावन बरवाल ने एक घंटा 17 मिनट 49 सेकेंड के समय से पुरुष वर्ग का खिताब जीता जबकि महिलाओं में रेशमा केवाटे एक घंटे 30 मिनट 38 सेकेंड से पहले स्थान पर रहीं।
गौरव माथुर (1:20:33) दूसरे और एमडी असमी (1:42:08) तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में सीमा ने 1:32:07 के समय से दूसरा और निर्माबेन ठाकोर ने 1:32:40 के समय से तीसरा स्थान हासिल किया।
बरवाल रेस में कुल आठवें और रेशमा नौवें स्थान पर रहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY