जरुरी जानकारी | कारोबारी सुगमता के लिए भारत, न्यूजीलैंड के बीच यूपीआई पर शुरुआती चर्चा

नयी दिल्ली, 29 अगस्त भारत और न्यूजीलैंड कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देने के लिए यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) पर शुरुआती चर्चा कर रहे हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन के लिए न्यूजीलैंड में यूपीआई की शुरुआत पर विचार किया जा रहा है।

दोनों देश न्यूजीलैंड से लकड़ी के लट्ठों के आयात की अनुमति देने के तरीकों पर भी विचार कर रहे हैं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निर्यात विकास मंत्री डेमियन ओ 'कॉनर के बीच सोमवार को यहां द्विपक्षीय बैठक के दौरान इन मुद्दों पर चर्चा हुई।

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘मंत्रियों ने यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) प्रणाली के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) और पेमेंट्स न्यूजीलैंड के बीच आरंभिक चर्चा का स्वागत किया और इस बात पर सहमति जताई कि दोनों पक्षों को इस मुद्दे पर विचार-विमर्श जारी रखना चाहिए। वे इस बात पर सहमत हुए कि न्यूजीलैंड में यूपीआई की शुरुआत से दोनों देशों के बीच व्यापार करना सुगम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।’’

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), भूटान और नेपाल पहले ही यूपीआई भुगतान प्रणाली को अपना चुके हैं।

एनपीसीआई इंटरनेशनल अमेरिका, यूरोपीय देशों और पश्चिम एशिया में यूपीआई सेवाओं का विस्तार करने के लिए बातचीत कर रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड को आम का निर्यात शुरू किया है। दोनों पक्षों ने कीवी फल सहित कृषि और बागवानी, दवा, प्रसंस्करण, भंडारण और परिवहन के क्षेत्र में संभावित तकनीकी सहयोग पर भी चर्चा की।

न्यूजीलैंड को भारत का निर्यात 2021-22 में 48.76 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2022-23 में 54.8 करोड़ डॉलर हो गया। इसी तरह आयात भी 2021-22 में 37.5 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2022-23 में 47.8 करोड़ डॉलर हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)