देश की खबरें | डीयू का छात्र प्रताड़ना से बचने के लिए पीजी छात्रावास की इमारत से कूदा, दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का 20 वर्षीय छात्र अपने यौन रुझान के लिए लोगों के एक समूह द्वारा कथित प्रताड़ना से बचने के लिए यहां पीजी छात्रावास की चौथी मंजिल से कूदने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि डीयू का छात्र एक व्यक्ति से मिलने के लिए छात्रावास गया था, जिसके साथ वह एलजीबीटी समुदाय के लिए एक डेटिंग ऐप के माध्यम से संपर्क में आया था। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना 21 दिसंबर को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में हुई।

पीड़ित भी उसी इलाके में रहता है जहां घटना हुई थी। उसके सिर में चोट लगी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 18 और 22 साल की उम्र के दो आरोपियों को मामले में गिरफ्तार कर लिया गया जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान, हमें पता चला कि छात्र ने तीन-चार आदमियों से अपनी जान को खतरा होने की आशंका के कारण रात करीब पौने तीन बजे इमारत की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना वाले दिन पीड़ित वहां एक व्यक्ति से मिलने गया था। दोनों के बीच कुछ समय से डेटिंग ऐप पर बात हो रही थी। जब पीड़ित वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और यौन रुझान के लिए परेशान किया। हमें आशंका है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट करने की भी कोशिश की।’’

घायल छात्र को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उसे लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित ने अपनी शिकायत में तीन आरोपियों को नामजद किया है और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों सचिन (18) और निवेश (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है जो क्रमश: हरियाणा के रोहतक और भिवानी जिले के रहने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)