देश की खबरें | डोभाल ने फ्रांस के राष्ट्रपति के सलाहकार के साथ बातचीत की, चर्चा के केंद्र में मोदी की पेरिस यात्रा

नयी दिल्ली, छह जुलाई राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोन से विविध विषयों पर विस्तृत चर्चा की जिसके केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगले सप्ताह होने वाली पेरिस यात्रा रही।

डोभाल और बोन के बीच हुई चर्चा के बारे में जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि इनके बीच चर्चा का मुख्य एजेंडा प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा की तैयारियों एवं सम्पूर्ण सामरिक सहयोग रहा।

समझा जाता है कि बोन ने डोभाल को पेरिस में सुरक्षा की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

पिछले सप्ताह पुलिस की गोलीबारी में एक किशोर की मौत के बाद फ्रांस के कई शहरों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।

प्रधानमंत्री मोदी 14 जुलाई को पेरिस में होने वाली बैस्टिल डे परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी भी अपने फ्रांसीसी समकक्षों के साथ भाग लेगी।

बोन ने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में उन्हें जानकारी दी। फ्रांस की इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के साथ विस्तृत बातचीत होनी है।

भारतीय वायुसेना के लिए 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के बाद भारत और फ्रांस के रक्षा संबंधों में बढ़ोतरी हुई है। फ्रांस की रक्षा कंपनी साफ्रान के भारत के साथ संयुक्त रूप से इंजन के विकास की बात भी चल रही है।

इस बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोन भारत यात्रा पर हैं और वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (अजीत डोभाल) से मिले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)