नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर उत्तरी दिल्ली नगर निगम संचालित कुछ अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टरों ने वेतन लंबित होने के मुद्दे पर शुक्रवार को यहां जंतर-मंतर पर संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया।
हिन्दू राव अस्पताल, कस्तूरबा अस्पताल और राजन बाबू टीबी अस्पताल के डॉक्टरों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया तथा नारेबाजी की।
डॉक्टरों के संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि मुद्दे पर गंभीरता से कोई विचार नहीं हो रहा है, इसलिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जा रहा है।
हिन्दू राव अस्पताल की रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु सरदाना ने कहा, ‘‘अनेक डॉक्टर एकत्र हो चुके हैं तथा अभी उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अस्पतालों के अन्य डॉक्टर भी एकत्र होंगे। हम जंतर-मंतर से इंडिया गेट तक मोमबत्ती मार्च निकालेंगे। हम अपना बकाया वेतन चाहते हैं।’’
यह संगठन कई दिन से प्रदर्शन कर रहा है और पिछले तीन महीने का बकाया वेतन जारी करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला गया है।
वहीं, कस्तूरबा अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर बुधवार से एक सप्ताह की हड़ताल पर हैं।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश ने बुधवार रात एक ट्वीट में दावा किया, ‘‘आज, सभी डॉक्टरों, नर्सों, अन्य चिकित्साकर्मियों का वेतन जारी कर दिया गया तथा समूह सी और डी तथा अन्य कर्मियों का वेतन जल्द जारी कर दिया जाएगा।’’
प्रकाश से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि जुलाई महीने का वेतन जारी किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY