देश की खबरें | डीएमआरसी ने सभी गलियारों में इंटरनेट कनेक्टिविटी सुधारने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए

नयी दिल्ली, 21 फरवरी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को अपने सभी गलियारों (कॉरिडोर) में इंटरनेट कनेक्टिविटी सुधारने के लिए एक दूरसंचार कंपनी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

इस पहल के तहत ‘बेकहॉल डिजिटल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ एयरपोर्ट लाइन सहित सभी मेट्रो लाइन पर 700 किलोमीटर ‘फाइबर ऑप्टिक’ केबल बिछाएगी।

बयान में कहा गया कि केबल बिछाने का काम कई चरणों में होगा, लेकिन सबसे पहले पिंक और मैजेंटा लाइन पर काम को पूरा किया जाएगा।

बाकी लाइन पर अगले छह महीनों में केबल बिछाये जाने की उम्मीद है। उच्च गति (हाई-स्पीड) वाले इंटरनेट के लिहाज से फाइबर नेटवर्क रीढ़ की हड्डी के रूप में कार्य करेगा जो दूरसंचार कंपनियों, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, डेटा केंद्रों और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के लिहाज से लाभदायक साबित होगा।

यह दिल्ली-एनसीआर में 5जी सेवाओं को सुचारु रूप से शुरू करने में भी मदद करेगा। बयान में कहा गया कि यह पहल भारत सरकार के डिजिटल रूप से एकीकृत राष्ट्र के दृष्टिकोण का समर्थन करती है।

यह दूरसंचार कंपनियों को तेज, अधिक विश्वसनीय इंटरनेट सेवा प्रदान करने में मदद करेगा जबकि डीएमआरसी को अपने मौजूदा बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग करने में समर्थ बनाएगा।

इसमें कहा गया है कि ‘हाई-स्पीड’ इंटरनेट और 5जी के विस्तार की बढ़ती मांग के साथ, यह परियोजना दिल्ली को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने और इसे भविष्य के अनुरूप तैयार होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)