देश की खबरें | सनातन संस्कृति को मिटाने की साजिश कर रही द्रमुक सरकार: दिनेश शर्मा

लखनऊ/तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), 17 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर प्रहार करते हुए उस पर सनातन संस्कृति को मिटाने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

लखनऊ में जारी एक बयान के मुताबिक शर्मा ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर सनातन धर्म को मिटाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार के मंत्रियों के सनातन के प्रति घोर आपत्तिजनक बयान उनकी मंशा को जाहिर करते हैं।

शर्मा ने कहा कि मंत्रियों द्वारा सनातन की तुलना कोरोना और डेंगू जैसी बीमारियों से करना सनातन संस्कृति को मानने वालों का अपमान है।

तमिलनाडु के युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने पिछले साल सितंबर में चेन्नई के कामराजार एरिना में आयोजित 'सनातन उन्मूलन सम्मेलन' में सनातन धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

उन्होंने कहा था, "सनातन का सिर्फ विरोध नहीं किया जाना चाहिए बल्कि, इसे समाप्त ही कर देना चाहिए। सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है। कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें खत्म ही कर देना चाहिए। हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना का विरोध नहीं कर सकते, हमें इन्हें मिटाना है। इसी तरह हमें सनातन को भी मिटाना है।’’

भाजपा राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने तमिलनाडु को हिन्दू संस्कृति का प्रमुख केन्द्र बताते हुए कहा कि ऐसे प्रदेश की जमीन पर सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस प्रदेश के लोगों ने आज तक अपनी संस्कृति और को काफी सहेजकर रखा है। शर्मा ने कहा कि देश में जब तक हिन्दू बहुसंख्यक है तब तक भारत की सनातन संस्कृति का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)