नयी दिल्ली, 21 जुलाई रिएल स्टेट कंपनी डीएलएफ का चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 12 प्रतिशत बढ़कर 527 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी को पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 469.57 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।
डीएलएफ ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में उसकी कुल आय मामूली रूप से बढ़कर 1,521.71 करोड़ रुपये हो गई जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,516.28 करोड़ रुपये थी।
हालांकि समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की बिक्री बुकिंग 2,040 करोड़ रुपये पर स्थिर रही। कंपनी ने कहा कि उसकी परियोजनाओं को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
डीएलएफ ने रियल स्टेट कंपनी ट्राइडेंट ग्रुप के साथ साझेदारी के जरिए मुंबई रियल एस्टेट बाजार में दोबारा प्रवेश करने की भी घोषणा की।
डीएलएफ ने 2012 में मुंबई में 17 एकड़ जमीन लोढ़ा डेवलपर्स (अब इसका नाम बदलकर मैक्रोटेक डेवलपर्स) को करीब 2,700 करोड़ रुपये में बेच दी थी। वहीं 2005 में नेशनल टेक्सटाइल कॉर्पोरेशन से 703 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी थी।
डीएलएफ ने कुछ परियोजनाओं के लिए आकृति सिटी के साथ संयुक्त उद्यम भी शुरू किया है।
वहीं कंपनी की इकाई डीएलएफ साइबर सिटी डेवलपर्स लिमिटेड (डीसीसीडीएल) का एकीकृत राजस्व सालाना 12 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,412 करोड़ रुपये रहा। पहली तिमाही में एकीकृत लाभ सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 391 करोड़ रुपये रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY