नयी दिल्ली, 15 नवंबर वाणिज्य मंत्रालय की जांच इकाई डीजीटीआर ने स्वत: संज्ञान लेते हुए चीन की कंपनियों द्वारा रोलर चेन, कांच के दर्पण और फास्टनर सहित चार उत्पादों की कथित डंपिंग की जांच शुरू की है।
एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) पड़ोसी देश से सस्ते आयात से एमएसएमई इकाइयों की रक्षा करना चाहता है।
आमतौर पर डंपिंग रोधी जांच घरेलू उत्पादकों के आवेदन के आधार पर शुरू की जाती है, लेकिन चूंकि इन उद्योगों को व्यापार उपचार जांच में शामिल प्रक्रियाओं की जानकारी नहीं थी, इसलिए डीजीटीआर ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू की है।
व्यापार उपचार महानिदेशक अनंत स्वरूप ने कहा कि ये उत्पाद मुख्य रूप से छोटी और मझोली इकाइयों (एमएसएमई) द्वारा बनाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि इन चारों उत्पादों का आयात कुल मिलाकर करीब 800 करोड़ रुपये का है और ये चीन से आ रहे हैं।
स्वरूप ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने स्वत: संज्ञान लेते हुए चार मामले शुरू किए हैं।’’
डीजीटीआर ने कहा कि वह टेलिस्कोपिक चैनल ड्रॉयर, बिना फ्रेम वाले कांच के दर्पण और फास्टनर की कथित डंपिंग की जांच कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY